झारखंड के हजारीबाग में 6 साल से फरार उग्रवादी धराया

इचाक थाने की पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। छह साल से फरार चल रहे प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन जेपीसी से जुडे लक्ष्मण तुरी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसकी गिरफ्तारी बरकट्ठा थाना क्षेत्र से की गई है। इस दौरान लक्ष्मण एक महिला के साथ था।

झारखंड के हजारीबाग में 6 साल से फरार उग्रवादी धराया

झारखंड के हजारीबाग जिले के इचाक थाने की पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। छह साल से फरार चल रहे प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन जेपीसी से जुडे लक्ष्मण तुरी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसकी गिरफ्तारी बरकट्ठा थाना क्षेत्र से की गई है। गिरफ्तारी के वक्त लक्ष्मण के साथ एक महिला भी थी। पुलिस ने महिला को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। जांच में यह बात सामने आई कि महिला एक माह पहले लक्ष्मण के साथ घर छोड़ कर फरार हो गई थी। महिला को पति के सुपुर्द कर दिया गया है। लक्ष्मण तुरी लेवी आदि से जुड़े तीन से चार मामले दर्ज थे। पुलिस सूत्रों की माने तो लक्ष्‍मण से पूछताछ में जेपीसी के नेटवर्क के बारे में बेहद अहम जानकारियां हाथ लग सकती हैं। पुलिस की ओर से अलग अलग कई दूसरे कांड में इस उग्रवादी की संलिप्‍तता के बारे में पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने इस उग्रवादी को गिरफ्तार करने के लिए विशेष टीम का गठन किया था। पिछले कुछ समय से लगातार इसके अलग अलग ठिकानों पर पुलिस नजर रख रही थी। पुलिस के आला अधिकारियों ने इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी हैं लेकिन माना जा रहा है कि कुछ दिनों से यह अपराधी रंगदारी वसूल करने की कोशिश कर रहा था। इसके लिए हजारीबाग के अलावा रांची के कुछ व्‍यापारियों से संपर्क किया गया था। यह राश‍ि प्राप्‍त हुई थी अथवा नहीं। यह अब तक साफ नहीं हो सका है।

पुलिस की सक्रियता से उग्रवादियों में खलबली

हाल के कुछ दिनों से उग्रवादी संगठनों व उनसे ताल्‍लुक रखने वाले उग्रवादियों की गिरफ्तारी को लेकर झारखंड पुलिस बेहद सक्रिय हो गई है। प्रदेश के दूसरे जिलों में भी लगातार उग्रवादियों व सुरक्षा बलों के बीच टकराव हो रहा है। हजारीबाग से इस उग्रवादी की गिरफ्तारी के बाद दूसरे जिलों में संगठन के नेटवर्क के बारे में जानकारी मिल सकती है।