Bird flu ALERT: झारखंड में मुर्गे के व्‍यापार पर कड़ी नजर, बर्ड फ्लू का बढ़ा खौफ; जमशेदपुर में 4 कौवों की मौत

Bird flu ALERT: झारखंड में मुर्गे के व्‍यापार पर कड़ी नजर, बर्ड फ्लू का बढ़ा खौफ; जमशेदपुर में 4 कौवों की मौत

Bird Flu News झारखंड के जमशेदपुर में चार कौवों की मौत हो गई। कृषि पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री बादल ने जमशेदपुर में हुई कौवों की मौत की जांच के निर्देश पशुपालन सचिव को दिए हैं। बादल ने कहा कि टास्क फोर्स की टीम घटनास्थल पर गई है।

रांची:  झारखंड के जमशेदपुर में 4 कौवों की मौत के बाद मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन सरकार के कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने कहा है कि बर्ड फ्लू के चलते राज्‍य में अतिरिक्‍त एहतियात बरता जा रहा है। झारखंड को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया गया है। उन्‍होंने कहा कि वृहत पैमाने पर समीक्षा के उपरांत और भी सुरक्षात्‍मक कदम उठाए जाएंगे। फिलहाल सीमा सील करने जैसी स्थिति नहीं है। सभी जिला उपायुक्तों को पैनी निगाह रखने का निर्देश दिया गया है।

कोरोनावायरस संक्रमण का खतरा अभी खत्म भी नहीं हुआ कि देश के कुछ राज्यों में बर्ड फ्लू के मामले सामने आने लगे हैं। इसे लेकर जहां राजस्थान, मध्य प्रदेश व कई अन्य राज्यों के लोग चिंता में हैं। वहीं, झारखंड के लोगों में भी दहशत का माहौल है। हालांकि इन राज्यों में बर्ड फ्लू के मामलों को देखते हुए एहतियात के तौर पर झारखंड में अलर्ट जारी कर दिया गया है। पशुपालन विभाग ने राज्य के सभी उपायुक्तों को केंद्र सरकार की ओर से जारी एडवाइजरी भेज दी है। साथ ही तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। यह भी कहा है कि किसी भी पक्षी की अस्वाभाविक मृत्यु होने पर तत्काल इसकी सूचना पशुधन सेवाएं विभाग और अन्य अधिकारियों को दी जाए।

इसके अलावा पक्षी के बिसरे को जांच के लिए लैब भेजे जाने के निर्देश भी दिए गए हैं। आपको बता दें कि अभी तक राज्य में बर्ड फ्लू का कोई मामला सामने नहीं आया है। लेकिन फौरी कदम उठाते हुए अलर्ट जारी किया गया है। इधर, पशुपालन निदेशक नैंसी सहाय के स्तर से पशुपालन पदाधिकारियों के अलावा होटवार, रांची और बोकारो कुक्कुट प्रक्षेत्र के सहायक निदेशक को भी इस संदर्भ में पत्र भेजा गया है। निर्देश दिया गया है कि बर्ड फ्लू के सैंपल एवियन इन्फ्लूएंजा के वार्षिक एक्शन प्लान 2020-21 में दिए गए लक्ष्यों के अनुरूप भेजना सुनिश्चित करें।