कोरोना दुनिया में:बीते दिन 8.36 लाख केस, 13 हजार से ज्यादा मौतें; इंग्लैंड ने नेपाल, मालदीव और तुर्की को रेड लिस्ट में डाला

कोरोना दुनिया में:बीते दिन 8.36 लाख केस, 13 हजार से ज्यादा मौतें; इंग्लैंड ने नेपाल, मालदीव और तुर्की को रेड लिस्ट में डाला

दुनिया में कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते दिन दुनिया में 8.36 लाख लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई। इस दौरान 13 हजार से ज्यादा मौतें रिकॉर्ड की गई। भारत में अब भी रोजाना सबसे ज्यादा केस मिल रहे हैं। बीते दिन यहां 4.01 लाख कोरोना मरीज मिले। वहीं, ब्राजील में कोरोना संक्रमितों का कुल आंकड़ा डेढ़ करोड़ के पार पहुंच गया है।

उधर, इंग्लैंड ने विदेश यात्रा पर लगाई गई पाबंदियों पर ढील देना शुरू कर दिया है। पुर्तगाल और इजराइल समेत 12 देशों को यहां ग्रीन लिस्ट में डाला गया है। वहीं, नेपाल, मालदीव और तुर्की को रेड लिस्ट में डाला गया है। यानी इन देशों की यात्रा करने से लोगों को मना किया गया है। ऐसे ही ग्रीन लिस्ट वाले देशों में जाने के लिए किसी इजाजत की जरुरत नहीं होगी और ना ही वापस आने पर क्वारैंटाइन करना होगा। यह नियम 17 मई से लागू होंगे।

WHO ने चीन की साइनोफार्म वैक्सीन के इमरजेंसी यूज को मंजूरी दी
वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन ने चीन की साइनोफार्म कोविड-19 वैक्सीन के इमरजेंसी में इस्तेमाल को मंजूरी दे दी। शुक्रवार देर रात विश्व स्वास्थ्य संगठन ने इसकी जानकारी दी। चीन के लिए यह राहत की बात है है क्योंकि एक दिन पहले ही फिलीपींस ने चीन से इस वैक्सीन की एक हजार डोज वापस लेने को कहा था। चीन ने यह अनअप्रूव्ड वैक्सीन कई देशों को बतौर डोनेशन दी थीं। इनमें पाकिस्तान भी शामिल है। लेकिन, ज्यादातर देशों में लोग इस वैक्सीन को लगवाने से कतरा रहे हैं। चीन ने अब तक अपने यहां सिर्फ दो वैक्सीन को अप्रूवल दिया है। दूसरी वैक्सीन का नाम साइनोवैक है।

वैक्सीनेशन में आसानी होगी : WHO
विश्व स्वास्थ्य संगठन के डायरेक्टर जनरल टेड्रोस एडेनहोम ग्रेब्रेसियस ने कहा कि हम चाहते हैं कि दुनिया के तमाम देशों तक वैक्सीन पहुंचे और इसके लिए हर स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। हमें उम्मीद है कि सभी देशों की रेगुलेटर बॉडीज इन वैक्सीन्स की क्वॉलिटी से संतुष्ट होंगी और जरूरत के हिसाब से इम्पोर्ट कर सकेंगी।

जापान में इमरजेंसी बढ़ी
जापान में कोरोना का कहर जारी है। ऐसे में जापान दो गंभीर स्थितियों का सामना कर रहा है। पहली- दिनों-दिन बढ़ते मरीज। दूसरी- 11 हफ्तों बाद ओलिंपिक खेलों का आयोजन। पहली स्थिति से निपटने के लिए प्रधान मंत्री योशिहिदे सुगा ने कोरोनोवायरस टास्क फोर्स की बैठक में टोक्यो समेत दूसरी जगहों पर आपातकाल 31 मई तक बढ़ाने की घोषणा की।

4 जुलाई तक दुनिया के देशों को 10% वैक्सीन देगा अमेरिका
भारत और ब्राजील समेत दुनिया के कई देशों को अमेरिका की तरफ से एस्ट्राजेनेकी की 10% वैक्सीन 4 जुलाई तक पहुंचा दी जाएगी। यह जानकारी अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने मंगलवार को दी। साथ ही उन्होंने कहा कि हम किन देशों को वैक्सीन भेजेंगे इस पर फैसला नहीं लिया है। हालांकि भारत और ब्राजील के नाम हमारी लिस्ट में हैं।

अब तक 15.75 करोड़ केस
दुनिया में कोरोना के अब तक 15.75 करोड़ से ज्यादा लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 32.84 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है जबकि 13.50 करोड़ लोगों ने कोरोना को मात दी है। फिलहाल 1.91 करोड़ लोगों का इलाज चल रहा है। इनमें 1.91 करोड़ लोगों में कोरोना के हल्के लक्षण हैं और 1.08 लाख लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।

टॉप-10 देश, जहां अब तक सबसे ज्यादा लोग संक्रमित हुए

देश संक्रमित मौतें ठीक हुए
अमेरिका 33,418,826 594,911 26,324,757
भारत 21,892,676 238,270 17,930,960
ब्राजील 15,087,360 419,393 13,640,478
फ्रांस 5,747,214 106,101 4,817,288
तुर्की 4,998,089 42,465 4,662,328
रूस 4,863,514 112,622 4,480,360
ब्रिटेन 4,431,043 127,598 4,242,192
इटली 4,092,747 122,470 3,572,713
स्पेन 3,567,408 78,792 3,248,010
जर्मनी 3,504,012 85,056 3,147,100