जेडीयू राज्‍य कार्यकारिणी की बैठक में अहम फैसला, उमेश कुशवाहा बनाए गए नए प्रदेश अध्‍यक्ष

जेडीयू राज्‍य कार्यकारिणी की बैठक में रविवार को उमेश कुशवाहा नए प्रदेश अध्‍यक्ष बनाए गए। उनके नाम का प्रस्‍ताव मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार ने दिया जिसपर सर्वसम्‍मति से मुहर लगा दी गई। इसके पहले वशिष्‍ठ नारायण सिंह प्रदेश अध्‍यक्ष थे।

जेडीयू राज्‍य कार्यकारिणी की बैठक में अहम फैसला, उमेश कुशवाहा बनाए गए नए प्रदेश अध्‍यक्ष

बिहार की सियासत से जुड़ी यह बड़ी खबर है। जनता दल यूनाइटेड की राज्‍य कार्यकारिणी की बैठक (JDU State Executive Committee Meeting) में रविवार को उमेश कुशवाहा (Umesh Kushwaha) को नया प्रदेश अध्‍यक्ष चुन लिया गया। इसके पहले बशिष्‍ठ नारायण सिंह प्रदेश अध्‍यक्ष थे, जिन्‍होंने स्‍वास्‍थ्‍य कारणों से पद छोड़ने की इच्‍छा जाहिर की थी।

सीएम नीतीश के प्रस्‍ताव पर सर्वसम्‍मति से लगी मुहर

मिली जानकारी के अनुसार राज्‍य कार्यकारिणी की बैठक में खराब स्‍वास्‍थ्‍य का हवाला देते हुए बशिष्ठ नारायण सिंह ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद पार्टी के नए प्रदेश अध्‍यक्ष के लिए उमेश कुशवाहा के नाम का प्रस्‍ताव मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) ने किया, जिसपर सर्वसम्‍मति से मुहर लगा दी गई। उमेश कुशवाहा वैशाली की मनहार सीट से 2015 में विधायक रहे थे। हालांकि, 2020 के विधानसभा चुनाव में वे राष्‍ट्रीय जनता दल (RJD) की वीणा देवी से पराजित हो गए थे।

खास बात यह भी है कि बीते दिन तक प्रदेश अध्‍यक्ष की दौड़ में उमेश कुशवाहा के नाम की चर्चा तक नहीं थी। इस पद के लिए राम सेवक सिंह के नाम की चर्चा हो रही थी। लेकिन अंतिम समय में लिए गए फैसले के  बाद उमेश कुशवाहा को आनन-फानन में बुलाकर नई जिम्‍मेदारी दी गई।

पार्टी को थी नए फुल टाइम प्रदेश अध्‍यक्ष की थी जरूरत

विदित हो कि बशिष्ठ नारायण सिंह की अस्वस्थता के  कारण डॉ. अशोक चौधरी को जेडीयू का कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था। राज्‍य मंत्रिमंडल में कई विभागों की जिम्‍मेदारी रहने के कारण उनका पार्टी को पर्याप्त समय देना संभव नहीं हो पा रहा था। इसके बाद नए फुल टाइम प्रदेश अध्‍यक्ष की जरूरत महसूस की जा रही थी।