रांची के रातू में प्रशासन ने 10 मकानों पर चलाया बुलडोजर, खाली कराई 12 डिसमिल सरकारी जमीन

Jharkhand Samachar Hindi News रांची के कांके डैम क्षेत्र में पुलिस-प्रशासन ने बुलडोजर के माध्‍यम से बने घरों को ध्‍वस्‍त कर दिया। इस दौरान पुलिस के जवान मौजूद रहे। प्रशासन ने अतिक्रमण कर बनाए गए कई घरों को ध्‍वस्‍त किया।

रांची के रातू में प्रशासन ने 10 मकानों पर चलाया बुलडोजर, खाली कराई 12 डिसमिल सरकारी जमीन

रांची जिला प्रशासन के आदेश पर रातू सीओ ने अंचल के नोवासोसो गांव में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया‌। इस दौरान जेसीबी लगाकर साढ़े चार घंटे में 10 मकान तोड़ दिए। इनमें से कुछ में बाउंड्री तोड़ी गई। कुछ लोगों ने सरकारी जमीन में अपने घर बढ़ाकर बना लिए थे, इस हिस्से को भी तोड़ा गया। वहीं चार संपूर्ण घर तोड़ दिए गए। इस तरह जिला प्रशासन ने कांके डैम की 12 डिसमिल सरकारी जमीन अतिक्रमण से मुक्त कराई। अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान लोगों ने मामूली विरोध भी किया।

जिन चार लोगों के मकान बने हुए थे, उन लोगों ने विरोध किया और जेसीबी को रोकने की कोशिश की। महिलाएं आगे आ गई थीं। महिलाओं का कहना था कि उन्होंने गाढ़ी कमाई से यह मकान बनाया है। एक महिला रामवती का कहना था कि लोगों ने पैसे देकर जमीन खरीदी है। जिन लोगों ने जमीन बेची है, प्रशासन उन पर भी कार्रवाई करे। जांच कर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाए। इसे नहीं तोड़ने दिया जाएगा।

jagran

लेकिन रातू सीओ प्रदीप कुमार ने उनको समझाया और बताया कि हाई कोर्ट के आदेश पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चल रहा है। काफी मशक्कत और काफी समझाने बुझाने के बाद महिलाएं मानीं और अभियान आगे बढ़ाया गया। अतिक्रमण हटाओ अभियान सोमवार को सुबह 11:00 बजे शुरू हुआ। 3:30 बजे तक सभी 10 मकानों को जमींदोज कर दिया गया था। इस अतिक्रमण हटाओ अभियान में एक जेसीबी लगाई गई थी। सबसे पहले उन बाउंड्री को तोड़ा गया, जो अतिक्रमणकारियों ने जमीन घेरने के लिए बनाई थी।

बाउंड्री तोड़ने के बाद मकानों के पीछे के हिस्से को तोड़ा गया। इसके बाद लगभग 2:00 बजे चार मकानों को तोड़ने का अभियान चला। 3:30 बजे तक सभी मकानों को तोड़ दिया गया। यह मकान एस्बेस्टस के बने हुए थे। अतिक्रमण हटाओ अभियान की जानकारी सभी को हो गई थी। इसलिए लोगों ने मकानों में रखे सामान को हटा लिया था। वहीं कुछ लोगों ने खुद ही अपने किए अतिक्रमण को तोड़ दिया था।

तैनात थी पुलिस

इस दौरान रातू थाने की पुलिस के अलावा रांची से पहुंची भारी संख्या में फोर्स मौजूद थी। पुलिस फोर्स को देखकर लोग सहमे हुए थे। इसी वजह से लोगों ने ज्यादा विरोध करना मुनासिब नहीं समझा। महिला पुलिस की भी खासी तादाद थी।

हाई कोर्ट के स्टे की वजह से नहीं टूटा एक मकान

नोवासोसो में अंकना जायसवाल का मकान नहीं तोड़ा जा सका। अंकना जायसवाल ने हाई कोर्ट से स्टे ले लिया था। इस वजह से उनका मकान नहीं तोड़ा जा सका। अंकना जायसवाल ने यहां गोदाम नुमा एस्‍बेस्टस का मकान बनाया है। रातू सीओ प्रदीप कुमार ने बताया कि जिला प्रशासन हाई कोर्ट में पैरवी कर इस पर स्टे खत्म कराएगा और इसके बाद इस अतिक्रमित मकान को भी तोड़ा जाएगा।