लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी ने प्रशिक्षु पीसीएस अफसरों को दिए नियुक्ति पत्र, कहा- हर व्यक्ति को न्याय देने का संकल्प लें

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब तक 4.5 लाख लोगों को नियुक्ति पत्र दिया जा चुका है। उनकी सरकार में एक भी भर्ती पर सवाल नहीं उठे। पहले की भर्तियों की सीबीआई जांच होती थी।

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी ने प्रशिक्षु पीसीएस अफसरों को दिए नियुक्ति पत्र, कहा- हर व्यक्ति को न्याय देने का संकल्प लें

विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रशिक्षु पीसीएस अधिकारियों से कहा कि वह पहले दिन से ईमानदारी, पारदर्शिता व न्याय के संकल्प के साथ आगे बढ़े। हर व्यक्ति को न्याय मिलना चाहिए।


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को लोकभवन में राज्य लोक  सेवा आयोग से चयनित 2019 बैच के पीसीएस अधिकारियों को नियुक्ति पत्र देने के बाद उन्हें संबोधित कर रहे थे।


उन्होंने कहा कि जिन्होंने पहले दिन से इन संकल्पों पर ध्यान नहीं दिया वे भविष्य में खुद के लिए समस्या बन जाते हैं। उनके खिलाफ शिकायत, जांच, डिमोशन व बर्खास्तगी शुरू हो जाती है। जो अच्छा करते हैं उनका सुनहरा भविष्य होता है। कलेक्टर, कमिश्नर व सचिव तक पहुंचते हैं।

उन्होंने कहा कि 4.5 लाख लोगों को नियुक्ति पत्र दिया जा चुका है। उनकी सरकार में एक भी भर्ती पर सवाल नहीं उठे। पहले की भर्तियों की सीबीआई जांच होती थी।