वाह ताज: ऐतिहासिक स्मारक के 'ताले' खुले, ब्राजील की पर्यटक ने सबसे पहले देखा ताजमहल, जानें टिकट और नियम की व्यवस्था

वाह ताज: ऐतिहासिक स्मारक के 'ताले' खुले, ब्राजील की पर्यटक ने सबसे पहले देखा ताजमहल, जानें टिकट और नियम की व्यवस्था

दो महीने की बंदी के बाद बुधवार सुबह से ताजमहल के दरवाजे आम पर्यटकों के लिए खुल गए। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग और जिला प्रशासन ने ताजमहल समेत सभी स्मारकों में एक बार में 650 पर्यटकों को प्रवेश की अनुमति दी है। सुबह से शाम तक पर्यटकों की निकासी के आधार पर पर्यटकों को प्रवेश दिया जाएगा, जिससे एक बार में 650 से ज्यादा सैलानी अंदर न रह सकें। ताजमहल खुलने के बाद ब्राजील की मेलिशा पहली पर्यटक रही। वह तीन महीने पहले भारत आईं थीं और दिल्ली और वाराणसी का भ्रमण कर चुकी हैं। जैसे ही उन्हें ताजमहल खुलने की जानकारी हुई तो सबसे पहले ताजमहल देखने के लिए पांच बजकर पांच मिनट पर पहुंच गईं। पहला पर्यटक बनने पर उन्हें गर्व की अनुभूति हुई है। गौरतलब है कि भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग के साथ वार्ता कर जिला प्रशासन ने स्मारकों पर पर्यटकों की संख्या मंगलवार को तय कर दी थी। एएसआई की टिकट तीन घंटे के लिए मान्य होगी। न केवल ताज, बल्कि आगरा किला, फतेहपुर सीकरी, अकबर का मकबरा, एत्माद्दौला स्मारक में भी 650 पर्यटकों को एक बार में प्रवेश मिल सकेगा।
अगली स्लाइड देखें

ताजमहल खुलने के बाद डायना बेंच पर फोटो खिंचाता एक परिवार

ताजमहल खुलने की जानकारी मिलने के बाद सैलानियों ने आना शुरू कर दिया। कई सैलानी अपने पूरे परिवार के साथ ताजमहल पहुंचे। सुबह के समय लोगों ने डायना बेंच पर बैठकर खूब फोटो खिंचाए।


ताजमहल की रेलिंग के पास सैलानी

रेलिंग और डायना बेंच सैनिटाइज
ताजमहल में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ने दो महीने की बंदी के बाद मुख्य मकबरे में बाहर और अंदर लगी रेलिंग, सेंट्रल टैंक पर डायना बेंच को सैनिटाइज कराया है। बता दें कि ज्यादातर पर्यटक सेंट्रल टैंक की इसी डायना बेंच पर ही बैठकर फोटोग्राफी कराते हैं। बीते साल ही एएसआई ने इसे लैमिनेट करा दिया था ताकि सैनिटाइजेशन के दौरान बेंच के संगमरमर को नुकसान न पहुंचे और केमिकल से इस पर धब्बे न पड़ जाएं। रेड सैंड स्टोन प्लेटफार्म और रॉयल गेट के साथ ताज के दोनों मुख्य प्रवेश द्वार पूर्वी गेट और पश्चिमी गेट को भी सैनिटाइज कराया गया। एएसआई के अधिकारी मंगलवार सुबह से स्मारक की सफाई में लगे रहे।


ताजमहल के टर्न स्ट्राइल गेट पर थर्मल स्क्रीनिंग करता कर्मचारी

व्यवस्था: टर्न स्टाइल गेट से होगी निकासी की जानकारी
वसंत कुमार स्वर्णकार, अधीक्षण पुरातत्वविद ने बताया कि एक बार में 650 पर्यटक ताज में प्रवेश कर सकेंगे। हमारे पास टर्न स्टाइल गेट हैं, जिनसे पर्यटकों की निकासी की जानकारी होती रहेगी। पहले पर्यटकों का आवागमन देख लें, उसके मुताबिक व्यवस्थाओं में भी बदलाव होता रहेगा। 


ताजमहल देखने आए सैलानी फोटो खिंचाने के दौरान खुुशी की मु्द्रा में

ताजमहल के साथ आगरा में फतेहपुर सीकरी, सिकंदरा अकबर मकबरा, एत्माद्दौला चीनी का रोजा, आगरा किला आदि स्मारक भी खोल दिए गए हैं। यहां भी पर्यटक आ रहे हैं। सभी स्मारकों पर टिकट की व्यवस्था ऑनलाइन की गई है। पर्यटक क्यूआर कोड स्कैन कर टिकट खरीद सकते हैं। अभी ऑफलाइन टिकट काउंटर खोलने पर विचार किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें: आगरा: ताजमहल सहित स्मारकों पर निर्धारित हुई पर्यटक संख्या, सिर्फ 650 सैलानी कर सकेंगे दीदार