Jharkhand Weather Update: रांची से होकर गुजर रहा मानसून का टर्फ, आज इन जिलों में होगी भारी बारिश

Jharkhand Weather Update: रांची से होकर गुजर रहा मानसून का टर्फ, आज इन जिलों में होगी भारी बारिश

राजधानी रांची में सुबह से मध्यम दर्जे के बादल छाएं है। इसके साथ ही 15 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चल रही है। सुबह आद्रता का स्तर 93 प्रतिशत तक है। बताया जा रहा है कि रांची के बाहरी इलाकों में सुबह छह बजे के करीब मध्यम दर्जे की बारिश रिकॉर्ड की गयी है। इसके कारण मौसम में हल्का ठंडापन है। राज्य के मौसम पूर्वानुमान में बताया गया है कि मानसून का एक टर्फ लाइन फिरोजपुर, अलीगढ़, रोहतक से होते हुए राजधानी के उपर से गुजर रहा है। इसके कारण आज राजधानी रांची समेत रामगढ़, हजारीबाग, बोकारो, खूंटी, कोडरमा, चतरा, देवघर, लातेहार, पलामू और गढ़वा में भारी बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार एक चक्रवातीय क्षेत्र उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी में बना हुआ है। ये दक्षिण-पश्चिम की तरफ धीरे-धीरे बढ़ रहा है। इसका असर राज्य के मौसम पर अगले 24 घंटे में दिखने की संभावना है। दूसरी तरफ एक चक्रवातीय क्षेत्र पश्चिमी उत्तर प्रदेश के उपर बना हुआ है। इसका प्रसार बिहार के साथ झारखंड के कुछ हिस्सों में है। इसका असर राज्य के उत्तरी हिस्सों में दिख सकता है।

गुरूवार को राजधानी रांची में भारी बारिश की संभावना के बाद भी हल्की बारिश हुई। हालांकि पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में मानसून की स्थिति सामान्य रही। राज्य के कई जिलों में मध्यम से हल्के दर्जे की बारिश रिकॉर्ड की गयी। राज्य में सबसे ज्यादा बारिश कोडरमा 57.2 मिमी रिकॉर्ड की गयी। वहीं हंटरगंज में 52.7 मिमी, तिलैया में 49.4 मिमी, रामगढ़ में 44.2 मिमी, खरसावां में 42 मिमी, ओरमांझी में 37 मिमी, चाईबासा और गुमला में 23 मिमी बारिश रिकार्ड की गयी। राज्य में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान जमशेदपुर में 34.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान चाईबासा में 22.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

शहर            अधिकतम तापमान        न्यूनतम तापमान

रांची                  31.4                             23.1

जमशेदपुर          33.5                             26.2

मेदिनीनगर        32.0                               23.5