जनता दरबार में आज लोगों से मिलेंगे बिहार CM नीतीश, नाश्‍ता-पानी का फरियादियों के लिए है इंतजाम

CM Nitish Janta Darbar बिहार में पांच साल बाद सोमवार को पुन जनता के दरबार में मुख्यमंत्री कार्यक्रम आरंभ हो रहा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार साढ़े 10 बजे से जनता के दरबार में मुख्यमंत्री कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री लोगों की शिकायतें सुनेंगे।

जनता दरबार में आज लोगों से मिलेंगे बिहार CM नीतीश, नाश्‍ता-पानी का फरियादियों के लिए है इंतजाम

बिहार में पांच साल बाद सोमवार को पुन: जनता के दरबार में मुख्यमंत्री कार्यक्रम आरंभ हो रहा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार साढ़े 10 बजे से जनता के दरबार में मुख्यमंत्री कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। दूसरे सोमवार के लिए तय विभागों से जुड़ी समस्याओं पर मुख्यमंत्री लोगों की शिकायतें सुनेंगे। शिक्षा व स्वास्थ्य समेत एक दर्जन विभाग चयनित हैं। कोरोना प्रोटोकाल की वजह से इस बार जनता के दरबार में मुख्यमंत्री कार्यक्रम पूर्व के जनता दरबार से थोड़ा भिन्न है। अधिकतम तीन सौ से चार सौ लोगों की शिकायतें सुनी जाएंगी। मोबाइल एप के माध्यम से शिकायतें मंगाई गई हैं। जिनके पास स्मार्ट फोन नहीं है, उन्हें अपने प्रखंड के बीडीओ, एसडीओ या फिर डीएम कार्यालय में आवेदन देना है।

थर्मल स्क्रीनिंग व मेडिकल जांच के बिना प्रवेश नहीं

मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित संवाद कक्ष में जनता के दरबार में मुख्यमंत्री कार्यक्रम के लिए विशेष रूप से संरचना का निर्माण कराया गया है। संवाद कक्ष के गेट नंबर चार पर जनता दरबार में पहुंचे लोगों की जांच के लिए डाक्टरों को लगाया गया है। यहां उनकी थर्मल स्क्रीनिंग होगी। जनता दरबार में आने के पहले संबंधित जिला प्रशासन द्वारा आवेदक का आरटी-पीसीआर जांच अनिवार्य रूप से कराना है। टेस्ट रिपोर्ट के आधार पर ही वे जनता के दरबार में आ सकेंगे।

आवेदन पर क्यू आर कोड रहेगा, उसकी स्कैनिंग होगी

आवेदकों के आवेदन पर क्यूआर कोड होगा। जनता दरबार पहुंचने पर निबंधन काउंटर पर प्रतिनियुक्त कर्मी द्वारा इसे एक एप के माध्यम से स्कैन किया जाएगा। इसके बाद ही आवेदक जनता के दरबार में मुख्यमंत्री कार्यक्रम में प्रवेश कर सकेंगे। भीतर में जब आवेदक की बारी आएगी तो पुन: उसके क्यूआर कोड को स्कैन किया जाएगा, जिससे उसके आवेदन में अंकित बातों की जानकारी हो जाएगी।

मुख्यमंत्री के आदेश की प्रविष्टि भी आनलाइन हो जाएगी

संबंधित आवेदन पर मुख्यमंत्री द्वारा जो आदेश दिया जाएगा उसकी प्रविष्टि भी मौके पर ही आनलाइन डाल दी जाएगी। आवेदक के कागजात भी स्कैन कर टैग कर दिए जाएंगे उसके आवेदन के साथ।

अल्पाहार व भोजन का पैकेट भी मिलेगा

पूर्व में जब जनता दरबार आरंभ हुआ था तो जनता दरबार में आए लोगों के बच्चों को बिस्कुट का पैकेट दिया जाता था। बाद में आवेदकों के लिए सत्तू के घोल की व्यवस्था की गई थी। इस बार उनके लिए अल्पाहार तथा पानी की व्यवस्था की गई है। उन्हें लेकर आए अलग-अलग जिलों के कर्मी उनके लिए अल्पाहार लेकर उसके वितरण की व्यवस्था करेंगे।

आज सुने जाएंगे इन विभागों से जुड़े मामले

स्वास्थ्य, शिक्षा, समाज कल्याण, पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, सूचना प्रौद्योगिकी, कला संस्कृति एवं युवा, वित्त, श्रम संसाधन एवं सामान्य प्रशासन।