डायन बिसाही के शक में भतीजे ने बुजुर्ग चाची को काट डाला, फिर हुआ ऐसा

गुमला जिले के चैनपुर प्रखंड स्थित कुरुमगढ़ थाना क्षेत्र के सिविल गांव में डायन बिसाही के मामले में महिला समेत दो लोगों की हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। यह सनसनीखेज घटना गुरुवार शाम को हुई।

डायन बिसाही के शक में भतीजे ने बुजुर्ग चाची को काट डाला, फिर हुआ ऐसा

जानकारी के अनुसार, नक्सल प्रभावित सिविल गांव में राजपाल मुंडा नामक युवक ने अपनी बुजुर्ग चाची भिंसारिया देवी को डायन होने के शक में टांगी से वारकर मार डाला। इस घटना से आक्रोशित भिंसारिया देवी के पति मुगदो मुंडा और बेटों ने मिलकर आरोपी राजपाल की भी टांगी से काटकर हत्या कर दी। राजपाल मुगदो मुंडा का भतीजा था।

पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी मुगदो मुंडा को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है। राजपाल को शक था कि उसके घर में उसकी चाची भिंसारिया की वजह से लोग बीमार हो रहे हैं। 11 जुलाई को राजपाल के छोटे भाई केश्वर की मौत हुई थी। इसके लिए वह अपनी चाची को ही जिम्मेदार मान रहा था।

गुरुवार को भिंसारिया के घर के सब लोग जब खेत में काम करने गए थे, उसी समय दोपहर करीब तीन बजे राजपाल भिंसारिया के घर पहुंचा और टांगी से मारकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद वह भाग गया। ग्रामीणों ने राजपाल को भागते हुए देख लिया था। उन्होंने मुगदो मुंडा को इस बारे में बताया। इसके बाद मुगदो मुंडा और उसके बेटे ने आरोपी राजपाल को करीब घंटेभर बाद ढूंढ निकाला। दोनों उसे पकड़कर अपने घर ले आए। इसके बाद हाथ बांधकर पीटने के बाद टांगी से काट दिया।

इस सनसनीखेज डबल मर्डर से सिविल गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीणों की सूचना पर शुक्रवार को पुलिस गांव पहुंची और राजपाल की हत्या के एक आरोपी मुदगो मुंडा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस गहनता से इस मामले की जांच कर रही है।