बिहार में धीरे-धीरे सुधर रहा मौसम, पटना में आज गिर सकता है तापमान

मौसम विभाग का यलो अलर्ट छाया रहेगा घना कोहरा मौसम विज्ञानियों ने वाहन चालकों को किया सावधान ट्रेन व हवाई यातायात पर भी पड़ सकता है प्रभाव डेहरी सबसे ठंडा पटना का न्यूनतम तापमान रहा 9.8 डिग्री

बिहार में धीरे-धीरे सुधर रहा मौसम, पटना में आज गिर सकता है तापमान

मौसम विज्ञान केंद्र पटना (Patna Weather Science Center) ने राज्य में यलो अलर्ट (Yellow Alert) जारी किया है। अलर्ट मुख्य रूप से वाहन चालकों के लिए जारी किया गया है। इसका मतलब यह है कि प्रदेश में घना कोहरा छाया रहेगा। कोहरे से लोगों को 50 से 200 मीटर देखने में भी परेशानी हो सकती है। वाहन चालकों को विशेष सावधान रहने की जरूरत है। घने कोहरे का प्रभाव ट्रेन व हवाई यातायात पर भी पड़ सकता है। गुरुवार को भी सुबह में वातावरण में घना कोहरा छाया रहा।

बिहार के मौसम में धीरे-धीरे हो रहा सुधार

मौसम विज्ञानी संजय कुमार ने कहा, राज्य के मौसम में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। वातावरण में गर्मी बढ़ रही है और लोगों को ठंड से राहत मिलने लगी है। गुरुवार को दोपहर में धूप निकली तो लोगों को ठंड से बड़ी राहत मिली। गुरुवार को पटना में अधिकतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बुधवार की तुलना में गुरुवार को अधिकतम तापमान में दो डिग्री और न्यूनतम तापमान में एक डिग्री की कमी आई है।

आज न्‍यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट की उम्‍मीद

शुक्रवार को मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अधिकतम और न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री गिरावट आने की उम्मीद है। डेहरी राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा। वहां न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। 22 जनवरी को पश्चिमी हिमालय क्षेत्र पर नए सिरे से पश्चिमी विक्षोभ उठने की उम्मीद है। इसके बाद राज्य में फिर ठंड बढ़ सकती है।