यूपी में नमी लेकर आई पूर्वी हवा से गहराया कोहरा, सूर्य देवता हुए लुप्‍त; कल से और बढ़ेगी गलन

लखनऊ समेत प्रदेश के कई इलाकों में शनिवार को भी सुबह कोहरा रहा।मौसम विभाग के अनुसार सोमवार के बाद फिर उत्तरी पश्चिमी हवाओं के कारण गलन बढ़ने की संभावना है। बीते दिन भी लखनऊ कोहरे में लिपटा रहा।

यूपी में नमी लेकर आई पूर्वी हवा से गहराया कोहरा, सूर्य देवता हुए लुप्‍त; कल से और बढ़ेगी गलन

 बंगाल की खाड़ी से नमी लेकर आई पूर्वी हवाओं के कारण लखनऊ समेत प्रदेश के कई इलाकों में शनिवार को भी सुबह कोहरा रहा। लेकिन दिन चढ़ने के साथ मौसम साफ होने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार के बाद फिर उत्तरी पश्चिमी हवाओं के कारण गलन बढ़ने की संभावना है। बीते दिन शु्क्रवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान गिरकर 6.3 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। यह गुरुवार के मुकाबले लगभग तीन डिग्री कम रहा। 

आज देर से निकलेगी धूप: मौसम केंद्र लखनऊ के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि बंगाल की खाड़ी से आई पूर्वी हवाओं, जिनमें नमी थी, के कारण कोहरा छाया रहा। उन्होंने कहा शनिवार को भी धूप देर से निकलेगी और सुबह कोहरा रहेगा। हालांकि, गलन में कमी आएगी। शुक्रवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 22.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। 

दिनभर नहीं निकली धूप: गुरुवार को खिली धूप थी, लेकिन शुक्रवार को जब राजधानीवासी सुबह उठे तो शहर कोहरे में लिपटा दिखाई दिया। उम्मीद थी कि दिन चढऩे के साथ कोहरा साफ हो जाएगा, लेकिन दिनभर सूर्य देवता के दर्शन नहीं हो सके।