विश्व कप तीरंदाजी में झारखंड की दीपिका का जलवा, एक ही दिन तीन स्वर्ण पदक जीत बनाया रिकाॅर्ड

Archery World Cup in Paris Jharkhand News पेरिस में चल रही प्रतियोगिता में कोमोलिका बारी व अंकिता भक्त के साथ तिकड़ी बना बाजी मारी। इसके बाद पति अतनु दास के साथ मिक्सड डबल्स रिकर्व का भी सोना झटका। एकल में रूस की प्रतिद्वंद्वी को 6-0 से हराकर तीसरा पदक जीता।

विश्व कप तीरंदाजी में झारखंड की दीपिका का जलवा, एक ही दिन तीन स्वर्ण पदक जीत बनाया रिकाॅर्ड

विश्व कप तीरंदाजी प्रतियोगिता में रांची की बेटी दीपिका कुमारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विदेश में शान से तिरंगा लहराया है। इस तीरंदाज ने एक ही दिन तीन स्वर्ण पदकों पर निशाना साध ओलंपिक से पहले भारतीयों के लिए पदक की उम्मीदों को परवान चढ़ाया है। पेरिस में चल रहे विश्व कप स्टेज-थ्री तीरंदाजी के रिकर्व मुकाबले में रविवार को दीपिका ने पहले कोमालिका बारी व अंकिता भक्त के साथ स्वर्ण पदक जीता।

फिर कुछ देर बाद मिक्सड डबल्स रिकर्व प्रतियोगिता में अपने पति अतनु दास के साथ अचूक तीरंदाजी का प्रदर्शन करते हुए एक और स्वर्ण पदक अपनी झोली में डाल ली। रविवार की शाम खुशियां तब तीन गुणी हो गईं, जब दीपिका ने एकल प्रतियोगिता का स्वर्ण भी अपने नाम कर लिया। दीपिका विश्वकप में एक ही दिन तीन स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली तीरंदाज हैं। गौरतलब है कि दीपिका जापान ओलंपिक में क्वालीफाई करने वाली भारत की एकमात्र महिला तीरंदाज हैं। वह तीसरी बार खेलों के महाकुंभ में हिस्सा लेंगी।

दीप‍िका, अतानु और बीच में कोच पूर्णिमा महतो।

महिला टीम का दिखा जुनून

एक पखवाड़े पूर्व पेरिस में ही हुए ओलंपिक क्वालीफाइंग प्रतियोगिता में अपने से निचली रैंकिंग की टीम से हारने के गम से उबरते हुए भारतीय तिकड़ी ने पदक के लिए अपना जुनून दिखाया। मैक्सिको के साथ मुकाबले में दीपिका, कोमलिका और अंकिता ने ऐसा दमदार प्रदर्शन किया कि प्रतिद्वंद्वी टीम कहीं टिक नहीं पाई। फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने मैक्सिको को पांच के मुकाबले एक सेट में हराकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। दीपिका के ज्यादातर तीर एकदम ऑन टारगेट थे। कोमालिका व अंकिता टाटा आर्चरी अकादमी की हैं जबकि दीपिका टाटा आर्चरी अकादमी से निकलकर हाल ही में ओएनजीसी से जुड़ी हैं।

दीपिका, कोमालिका व अंकिता भक्‍त पोडियम पर (बीच) में।

पति-पत्नी का कमाल

मिक्सड डबल्स रिकर्व प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में दीपिका कुमारी ने अपने पति अतनु दास के साथ मिलकर बताया कि क्यों वे ओलंपिक में पदक की भारत की बड़ी उम्मीद हैं। नीदरलैंड के साथ फाइनल मुकाबले में दीपिका और अतनु को पहले तो प्रतिद्वंद्वी टीम ने कड़ी टक्कर दी। एक समय मामला 2-2 सेट की बराबरी पर था। लेकिन इसके बाद भारतीय जोड़ी ने  शानदार प्रदर्शन करते हुए मुकाबला 5-3 से अपने नाम कर लिया।

एकल में भी साधा स्वर्ण

दो स्वर्ण पदक जीतकर रविवार की शाम बुलंद हौसले के साथ एकल प्रतियोगिता में हिस्सा लेने पहुंची दीपिका ने अपना शानदार प्रदर्शन बरकरार रखा। फाइनल में रूस की प्रतिद्वंद्वी को 6-0 से रौंदकर दीपिका ने एक ही दिन तीसरे स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।

मुख्‍यमंत्री ने दी बधाई

झारखंड के मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन ने वर्ल्‍ड कप में गोल्‍ड मेडल जीतने पर बधाई दी है। सीएम ने ट्वीट कर कहा है कि अद्भुत! आज तीर-कमान बना रहा कीर्तिमान। तीरंदाजी विश्व कप के रिकर्व मिश्रित टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर देश को स्वर्णिम पल देने वाली दीपिका कुमारी और अतनु दास की जोड़ी को अनेक-अनेक शुभकामनाएं और जोहार। उन्‍होंने एक और ट्वीट करते हुए लिखा कि तीरंदाजी विश्व कप में स्वर्ण पदक जीतकर देश को गौरवान्वित करने वाली झारखंड की बेटियों- दीपिका कुमारी, कोमोलिका बारी और अंकिता भगत को अनेक-अनेक शुभकामनाएं और जोहार। पूरे देश और राज्य को आप पर गर्व है। जय झारखंड!

आशा है ओलंपिक में भी शानदार प्रदर्शन करेंगे खिलाड़ी

दीपिका कुमारी, अतनु दास, कोमालिका एवं अंकिता को बहुत-बहुत बधाई। आज का दिन भारतीय तीरंदाजी के लिए स्वर्णिम था। आज जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मन की बात में दीपिका और प्रवीण जाधव जैसे तीरंदाजों के संघर्ष का जिक्र कर रहे थे, उस समय दीपिका स्वर्ण पदक पर निशाना साध रही थीं। आशा करता हूं कि ओलंपिक में भारतीय खिलाड़‍ियों का प्रदर्शन शानदार होगा। -अर्जुन मुंडा, भारतीय तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री।