Independence Day: CM नीतीश कुमार कल फहराएंगे तिरंगा, पटना के गांधी मैदान में विशेष इंतजाम

प्रमंडलीय आयुक्त संजय कुमार अग्रवाल ने शुक्रवार को स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों का जायजा लिया। दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की ब्रीफिंग की तथा सभी अधिकारियों को निर्धारित दायित्व का शत प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

Independence Day: CM नीतीश कुमार कल फहराएंगे तिरंगा, पटना के गांधी मैदान में विशेष इंतजाम

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Bihar CM Nitish Kumar) कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पटना के गांधी मैदान में झंडोत्तोलन करेंगे। गांधी मैदान के अंदर और आसपास की ऊंची इमारतों की सुरक्षा पर नजर रखी जाएगी। कोरोना गाइडलाइन को देखते हुए परेड समारोह में सामान्य व्यक्ति को प्रवेश नहीं मिलेगा। प्रवेश द्वार पर थर्मल स्क्रीनिंग एवं हैंड सैनिटाइजर की व्यवस्था रहेगी। आमंत्रण पत्र वाले अतिथियों, पत्रकारों एवं सरकारी कार्य में संलग्न अधिकारियों एवं कर्मियों को पहचान पत्र के आधार पर प्रवेश मिलेगा। प्रवेश के लिए मास्क अनिवार्य होगा।

प्रमंडलीय आयुक्‍त ने लिया था तैयारियों का जायजा

प्रमंडलीय आयुक्त संजय कुमार अग्रवाल ने शुक्रवार को स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों का जायजा लिया। दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की ब्रीफिंग की तथा सभी अधिकारियों को निर्धारित दायित्व का शत प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। अफवाह फैलाने वाले, शांति भंग करने वाले व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखने तथा असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया। गांधी मैदान के भीतर एवं बाहर सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा कोरोना संक्रमण को देखते हुए प्रवेश द्वार पर भीड़ भाड़ नहीं लगाने का निर्देश दिया।

ये अधिकारी भी कर चुके हैं निरीक्षण

प्रमंडलीय आयुक्त के साथ पुलिस महानिरीक्षक संजय सिंह, जिलाधिकारी डा. चंद्रशेखर सिंह,  वरीय पुलिस अधीक्षक उपेंद्र कुमार शर्मा, उप विकास आयुक्त रिची पांडे, एसपी ट्रैफिक डी अमरकेश, सिटी एसपी अंबरीश राहुल, अपर समाहर्ता विधि व्यवस्था केके सिंह, अपर समाहर्ता सामान्य विनायक मिश्रा, अपर समाहर्ता राजस्व राजीव श्रीवास्तव सहित कई अधिकारी उपस्थित थे।

परेड में 13 टुकड़‍ियां लेंगी भाग

सीआरपीएफ, आइटीबीपी, सीआइएसएफ, एसएसबी, एसटीएफ, बीएमपी (पुरुष), बीएमपी (महिला), जिला सशस्त्र बल( पुरुष), जिला सशस्त्र बल महिला, गृह रक्षा वाहिनी शहरी, गृह रक्षा वाहिनी ग्रामीण, स्वान दस्ता और फायर ब्रिगेड एक-एक यूनिट भाग लेगी।

प्रदर्शित होंगी आठ झांकियां

  • निबंधन उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग की झांकी शराब बंदी पर होगी।
  • महिला विकास निगम समाज कल्याण विभाग की झांकी बाल विवाह एवं दहेज कुप्रथा के विरुद्ध सामाजिक संवाद करती दिखेगी।
  • सहकारिता विभाग की झांकी हर थाली में बिहारी तरकारी पर आधारित होगी।
  • उद्योग विभाग की झांकी बिहार में खादी पर आधारित होगी।
  • पर्यटन निदेशालय की झांकी केशरिया स्तूप एवं लौरिया नंदनगढ़ पर होगी।
  • बिहार शिक्षा परियोजना की झांकी में पढ़ेगी बेटी, बढ़ेगा बिहार पर आधारित होगी।
  • राज्य स्वास्थ्य समिति की झांकी में टीका एक्सप्रेस दिखेगी।
  • ग्रामीण विकास विभाग की झांकी में जल जीवन हरियाली योजना दिखेगी।