Mission Oxygen: BAU में स्थापित किया गया कोरोना योद्धा साइंटिफिक इंटरक्रॉपिंग पार्क, रिम्स व सदर अस्पताल में भी लगाए गए पौधे

दैनिक जागरण के महाअभियान मिशन ऑक्सीजन का भव्य समापन हुआ। वीसी ओंकार नाथ सिंह व डीडीसी विशाल सागर ने बीएयू में मिशन ऑक्सीजन की कार्यक्रम के तहत पौधारोपण किया। इसके अलावा रांची विवि के कालेजों व डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विवि में कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

Mission Oxygen: BAU में स्थापित किया गया कोरोना योद्धा साइंटिफिक इंटरक्रॉपिंग पार्क, रिम्स व सदर अस्पताल में भी लगाए गए पौधे

हमने हर हार से सिखा है। हमने हर मुश्किल से सबक लिया है। सांसों के लिए आक्सीजन के महत्व को समझते हैं। हरियाली को जीवन का हिस्सा बनाने का प्रण लिया है। कोरोना महामारी के कारण पैदा हुए हालात ने पर्यावरण संरक्षण का महत्व जन-जन तक पहुंचा दिया। वातावरण में शुद्ध वायु की प्रचुर मात्रा की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मुहिम के तहत दैनिक जागरण के महाअभियान मिशन ऑक्सीजन की शुरुआत की गई। राजधानी रांची सहित पूरे राज्य में इसे व्यापक जनसमर्थन मिला।

डेढ़ माह चले अभियान के समापन समारोह पर रविवार को रांची में व्यापक पैमाने पर पौधारोपण किया गया। मुख्य कार्यक्रम बिरसा कृषि विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित किया गया। परिसर के अंदर 11.07 डिसमिल भूमि पर महामारी में मरने वाले कोरोना योद्धाओं के सम्मान में साइंटिफिक इंटरक्रॉपिंग पार्क की स्थापना की गई। विश्वविद्यालय के कुलपति डा. ओंकार नाथ सिंह व रांची के उप विकास आयुक्त विशाल सागर ने पौधारोपण कर इसकी शुरुआत की। पार्क में करीब 100 पौधे लगाए गए। महामारी में मरने वाले विवि के लोगों के सम्मान में बोर्ड लगाया गया।

भविष्य में विद्यार्थी कर सकेंगे शोध

बीएयू प्रशासन व दैनिक जागरण के संयुक्त तत्वावधान में स्थापित किए गए साइंटिफिक इंटरक्रॉपिंग पार्क में विद्यार्थी भविष्य में शोध कर सकेंगे। विवि की ओरी से अपनी विभिन्न संकायों के जरिए एक दिन में अलग-अलग स्थानों पर करीब दस हजार पौधे लगाए गए। राज्य के 16 केवीके की मदद से पौधारोपण अभियान किया गया। बीएयू में 100 पौधे लगाए गए। इसमें गमहार,महुआ, नीम, सखुआ, सागवान के पौधे लगाए गए। कुलपति ने कहा कि अभियान को गति देने के लिए हर मेड़ एक पेड़ कार्यक्रम के तहत राज्य भर केवीके के माध्यम से किसानों को प्रेरित करके बड़ी संख्या में पौधे लगाए जाएंगे।

साथ उनकी रक्षा के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। राज्य में इंटीग्रेटेड फारेस्ट फार्मिंग के बढ़ावा दिया जाएगा। इसके तहत किसानों लकड़ी वाले पेड़ लगाएंगे। उसके नीचे फसलों को लगाया जा सकेगा। इसका प्रशिक्षण ग्रामीणों को बीएयू की मदद से दिया जाएगा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त विशाल सागर ने पहल की भरपूर सराहना की। उन्होंने कहा कि पौधारोपण को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार की मंशा के अनुसार रांची जिला प्रशासन हर संभव पहल कर रहा है। पौधारोपण के लिए समाज के लोगों का आगे आना सकारात्मक कदम है। कार्यक्रम में डीन वानिकी डा एमएस मल्लिक, डीन वेटनरी डा सुशील कुमार, कीट विज्ञान के अध्यक्ष डा पीके सिंह, पंकज वत्सल सहित अन्य मौजूद रहे।

जागरण के अभियान को मिला जन-जन का समर्थन

दैनिक जागरण के अभियान मिशन आक्सीजन को जन-जन का समर्थन प्राप्त हुआ। रांची विवि के विभिन्न महाविद्यालयों डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विवि परिसर, रिम्स व सदर अस्पताल, मंदिरों में पौधारोपण हुआ। विभिन्न सामाजिक संगठनों ने इस अभियान को सफल बनाने में अपनी भागीदारी निभाई।