दिल्ली-NCR में छाया कोहरा, ठंड में भी हुआ इजाफा

सुबह के समय कोहरा जरूर रहा लेकिन मंगलवार को दिनभर आसमान साफ रहेगा। दिन में 20 से 25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश 18 एवं सात डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

दिल्ली-NCR में छाया कोहरा, ठंड में भी हुआ इजाफा

पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के साथ केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख और जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही बर्फबारी ने दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में ठिठुरन बढ़ा दी है। शीतलहर के चलने के साथ न्यूनतम तापमान में गिरावट से भी दिल्ली-एनसीआर में ठंड बढ़ी है। मंगलवार सुबह पार्कों में सैर करने वालों की संख्या बेहद कम रही। वहीं, दिल्ली-एनसीआर के ज्यादातर इलाकों में घने कोहरे ने वाहन चालकों को परेशान किया। कुछ इलाकों में तो विजिबिलिटी शून्य है, जिसके चलते खासकर वाहन चालक खासे परेशान नजर आए। वहीं, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग का पूर्वानुमान है कि सुबह के समय कोहरा जरूर रहा, लेकिन मंगलवार को दिनभर आसमान साफ रहेगा। दिन में 20 से 25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 18 एवं सात डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं स्काईमेट वेदर के मुख्य मौसम विज्ञानी महेश पलावत के मुताबिक पहाड़ों की ठंडक ला रही यह हवा अभी दो तीन दिन और चलेगी। लिहाजा, तापमान में गिरावट भी होगी और ठिठुरन भी रहेगी

अगले कुछ दिन तक ऐसा ही रहेगा मौसम

बता दें कि राजधानी दिल्ली समेत समूचे उत्तर भारत में इन दिनों दोहरा मौसम देखने को मिल रहा है। सुबह-शाम ठिठुरन भरी ठंड होती है तो दिन में गुनगुनी धूप सर्दी से राहत प्रदान करती है। अभी तीन दिन कमोबेश ऐसा ही मिश्रित मौसम बना रहेगा। सोमवार सुबह भी हवा की रफ्तार अच्छी रही और शाम को भी। इससे ठंड के साथ ठिठुरन भी महसूस हुई। हालांकि बादल नहीं होने से दिन भर धूप खिली रही। इस दौरान जितनी देर धूप रही, सर्दी से राहत भी बनी रही।

मौसम विभाग के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 17.5 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर पर 7.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 57 से 100 फीसद रहा। पालम सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां का अधिकतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।