पुण्यतिथि: 'चाणक्य' से लेकर 'चंद्रकांता' और 'भारत एक खोज' तक, स्टार बनने से पहले इन टीवी शो में दिखे इरफान खान

पुण्यतिथि: 'चाणक्य' से लेकर 'चंद्रकांता' और 'भारत एक खोज' तक, स्टार बनने से पहले इन टीवी शो में दिखे इरफान खान

इरफान खान

बॉलीवुड के दिवंगत अभिनेता इरफान खान को बेबाक अंदाज और शानदार अभिनय के लिए जाना जाता है। हालांकि अब वो इस दुनिया में नहीं पर उनके अभिनय का जादू आज भी मौजूद है, जिसके लाखों लोग दीवाने हैं। इरफान खान का निधन 29 अप्रैल साल 2020 में न्यूरोएंडोक्राइन ट्यूमर से लंबी लड़ाई के बाद हो गया। उन्होंने महज 54 साल की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह दिया। आज उनके निधन को एक साल पूरा हो गया है। 

इरफान खान ने बॉलीवुड के ऐसे कलाकार थे जिन्होंने जिस भी पर्दे पर अभिनय किया वहीं पर उन्होंने अपनी अलग छाप छोड़ी। इरफान खान का शुरुआती दौर संघर्षों से भरा था। उन्होंने अभिनय की पढ़ाई एनएसडी से की थी। इसके बाद वह काम की तलाश में मुंबई आए। इरफान खान ने अपने करियर की शुरुआत टीवी सीरियल्स से की थी। उन्होंने दूरदर्शन के सीरियल 'श्रीकांत' से अपनी शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने और भी कई टीवी सीरियल्स किया था। 

श्रीकांत
टीवी शो श्रीकांत शरत चंद्र चटर्जी के उपन्यास श्रीकांत पर आधारित है। ये शो दूरदर्शन पर 1985-1986 तक प्रसारित  हुआ था। टीवी शो में इरफान खान के साथ में फारुख शेख, सुजाता मेहता और मृणाल कुलकर्णी प्रमुख किरदारों में थे। श्रीकांत सीरियल में इरफान खान ने निगेटिव किरदार निभाया था जो कि दर्शकों के बीच काफी फेमस हुआ था। 

चंद्रकांता 
चंद्रकांता अपने समय का लोकप्रिय टीवी धारावाहिक था। इसमें इरफान ने जुड़वां भाई बद्रीनाथ और सोमनाथ की भूमिका निभाई थी। इसी धारावाहिक में कुंवर वीरेंद्र विक्रम सिंह का रोल करने वाले शहबाज खान ने उन्हें शो में यह भूमिका करने के लिए प्रोत्साहित किया था। लगभग 133 एपिसोड वाला यह टीवी सीरियल 1994 में शुरू हुआ और 1996 तक चला।

बनेगी अपनी बात
'बनेगी अपनी बात' टीवी सीरियल कॉलेज और युवाओं पर आधारित शो था। इस सीरियल में उन्होंने कुमार की भूमिका निभाई थी। इस शो ने कई अभिनेताओं को ब्रेक दिया। 90 के दशक के इस सीरियल में इरफान खान एक मिडिल ऐज पिता के किरदार में दिखाई दिए थे। यह सीरियल देश का पहला सैटेलाइट चैनल भी था। उनके काम को देखकर हर कोई प्रभावित हो गया था। दिलचस्प बात यह है कि सीरियल की कहानी सुतापा ने लिखी थी। इसके बाद उन्होंने इरफान खान के साथ शादी की। 

चाणक्य
इस धारावाहिक में इरफान ने सेनापति भद्रशाल की भूमिका निभाई थी। यह 47 कड़ियों का धारावाहिक था। 8 सितंबर 1991 से लेकर अगस्त 1992 तक यह दूरदर्शन पर दिखाया गया। इस शो में मनोज जोशी, संजय मिश्रा, नीना गुप्ता, अरुण बाली जैसे कई सितारों ने भी काम किया था।

भारत एक खोज 
इरफान ने श्याम बेनेगल के मशहूर सीरियल भारत एक खोज के एक एपिसोड में काम किया था। 'भारत एक खोज' में इरफान खान ने बदायूंनी और कुलभूषण खरबंदा ने अकबर का किरदार निभाया था। दूरदर्शन पर प्रसारित होने वाले इस सीरियल को दर्शकों ने खूब पसंद किया था। 

स्पर्श
इस सीरियल में इरफान ने हसबैंड की भूमिका निभाई थी जो अपने बिखरते हुए रिलेशनशिप को बचाना चाहता है। हालांकि उसकी पत्नी का मानना है कि तलाक के सहारे ही उनकी समस्या का अंत हो सकता है।इस शो में इरफान के साथ मृणाल कुलकर्णी ने मुख्य भूमिका निभाई थी।

लाल घास पर नीले घोड़े
इरफान ने दूरदर्शन पर लाल घास पर नीले घोड़े नाम के टेलीप्ले में भी काम किया। इसमें उन्होंने लेनिन की भूमिका निभाई। यह टेलीप्ले मिखाइल शात्रोव के रूसी प्ले के रूपांतरण पर आधारित था। यह शो दर्शकों को काफी पसंद आया था।

कहकशां 
कहकशां में इरफान ने उर्दू के मशहूर कवि मखदूम मोहिउद्दीन का किरदार निभाया था। इस सीरियल के निर्माता थे अली सरदार जाफरी।