प्रियंका का यूपी दौरा: ब्लॉक प्रमुख चुनाव में जिस महिला से हुई थी अभद्रता, उससे मिलने हुईं रवाना

लखनऊ दौरे के दूसरे दिन यानी शनिवार को प्रियंका गांधी लखीमपुर खीरी के पसगवां ब्लॉक जाएंगी। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक वह वहां उस महिला से मिलेंगी, जिसके साथ ब्लॉक प्रमुख चुनाव के दौरान अभद्रता की गई थी। यहां पढ़ें प्रियंका गांधी के आज के दौरे के पल-पल के अपडेट्स-

प्रियंका का यूपी दौरा: ब्लॉक प्रमुख चुनाव में जिस महिला से हुई थी अभद्रता, उससे मिलने हुईं रवाना

विस्तार
पसगवां ब्लॉक में हो रहा प्रियंका का इंतजार

आज प्रियंका लखीमपुर खीरी के पसगवां ब्लॉक जाएंगी। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक वह वहां उस महिला से मिलेंगी, जिसके साथ ब्लॉक प्रमुख चुनाव के दौरान अभद्रता की गई थी। उनके कपड़े भी खींचे गए थे। लखीमपुर खीरी के पसगवां ब्लॉक में लोग आज सुबह से ही प्रियंका का इंतजार कर रहे हैं।

इससे पहले शुक्रवार को अपने दौरे पर प्रियंका गांधी ने यूपी सरकार पर जमकर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि यूपी में सरकार ही संविधान को नष्ट कर रही है। लोकतंत्र का खुलेआम चीर हरण हो रहा है। उन्होंने कोरोना की दूसरी लहर से निपटने में भी प्रदेश सरकार को पूरी तरह से विफल बताया था।


शुक्रवार शाम को हुई थी बैठक
प्रियंका ने पीसीसी मुख्यालय पर शुक्रवार शाम को जिला व शहर अध्यक्ष और प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक की थी। उन्होंने पदाधिकारियों से कहा था कि वे कोरोना से मरने वाले लोगों के परिवारीजनों से मिलने उनके घर जाएं। सुख-दुख के साथी बनें। जो दवा वितरण के लिए दी गई थी, उसका समुचित वितरण करें। पुराने कांग्रेसजनों का हालचाल लेते रहें। 

कोरोना का दर्द नहीं भूल सकती आम जनता: प्रियंका
कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रधानमंत्री के यूपी सरकार की तारीफ पर निशाना साधा है। उन्होंने ट्वीट कर कहा था कि मोदीजी के सर्टिफिकेट से यूपी में कोरोना की दूसरी लहर के दौरान योगी सरकार की आक्रामक क्रूरता, लापरवाही और अव्यवस्था की सच्चाई छिप नहीं सकती। लोगों ने अपार पीड़ा, बेबसी का सामना अकेले किया। इस सच्चाई को मोदीजी, योगीजी भूल सकते हैं, जिन्होंने कोरोना का दर्ज सहा, वे नहीं भूलेंगे।