शीतलहर चलने से रविवार से फिर गिरेगा पारा, बढ़ेगी ठिठुरन

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शनिवार को भी आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे लेकिन बारिश नहीं होगी। सुबह के समय कोहरा रहेगा। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान 18 और 12 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

शीतलहर चलने से रविवार से फिर गिरेगा पारा, बढ़ेगी ठिठुरन

पहाड़ी राज्यों में शुमार उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के साथ केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख और जम्मू-कश्मीर में लगातार चल रही बर्फबारी से एक बार फिर मैदान इलाकों में ठिठुरन बढ़ गई है। शनिवार सुबह भी दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के तमाम राज्यों के लोगों ने ठंड महसूस की। इस बीच सुबह से ही कई इलाकों में हल्की हवा भी चल रही है। इससे पहले पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवा ने शुक्रवार को फिर से ठिठुरन का एहसास कराया। तापमान में थोड़ी गिरावट दर्ज की गई। शाम के समय कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हुई, शनिवार को भी कमोबेश ऐसा ही मौसम बना हुआ है। रविवार से ठंड और बढ़ने के आसार हैं। शुक्रवार को बादल सुबह से ही छाए हुए थे, हालांकि हल्की धूप भी खिली, लेकिन हवा के असर से धूप से राहत कम और हवा की ठिठुरन ज्यादा रही। शाम की बूंदाबांदी के बाद ठंड थोड़ा और बढ़ गई।

वहीं स्काईमेट वेदर के मुख्य मौसम विज्ञानी महेश पलावत ने बताया कि शुक्रवार को नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से ही शाम के समय कहीं-कहीं बूंदाबांदी या हल्की बारिश हुई। दूसरी तरफ हवा की दिशा अभी उत्तर-पश्चिमी चल रही है और अपने साथ पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी की ठंडक भी राजधानी तक पहुंचा रही है। हवा की रफ्तार आठ किमी प्रति घंटे तक रही। इसलिए ठंडक का एहसास बढ़ा है। रविवार से तापमान में और गिरावट आने के आसार हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 16.9 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 78 से 100 फीसद रहा। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शनिवार को भी आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, लेकिन बारिश नहीं होगी। सुबह के समय कोहरा रहेगा। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान 18 और 12 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।