कांग्रेस की बागी विधायक अदिति सिंह का सोनिया गांधी पर हमला जारी, बोलीं- जनता से दूर हो गईं सांसद

दिति सिंह ने लम्बे समय से सांसद सोनिया गांधी की रायबरेली में गैर मौजूदगी पर सवाल उठाया। अदिति सिंह ने कहा कि अगर कोई जनता आपको (सोनिया गांधी) वोट देकर चुनता है तो उस जनता की आपको प्रत्येक तरह से मदद और मुलाकात करते रहना चाहिए।

कांग्रेस की बागी विधायक अदिति सिंह का सोनिया गांधी पर हमला जारी, बोलीं- जनता से दूर हो गईं सांसद

भारतीय जनता पार्टी के करीब हो रहीं रायबरेली से कांग्रेस की बागी विधायक अदिति सिंह ने एक बार फिर कांग्रेस अध्यक्ष तथा रायबरेली से सांसद सोनिया गांधी को आड़े हाथ लिया है। रायबरेली में जनता की समस्या सुनने के दौरान अदिति सिंह ने कहा कि रायबरेली की जनता ने सोनिया गांधी को लोकसभा का चुनाव जितवाया। इसके बाद भी उन्होंने यहां के लोगों से मिलने की कोशिश नहीं की।

अदिति सिंह ने लम्बे समय से सांसद सोनिया गांधी की रायबरेली में गैर मौजूदगी पर सवाल उठाया। अदिति सिंह ने कहा कि अगर कोई जनता आपको (सोनिया गांधी) वोट देकर चुनता है तो उस जनता की आपको प्रत्येक तरह से मदद और मुलाकात करते रहना चाहिए। पिछले पंचवर्षीय कार्यकाल में चुनाव जीतने के बाद सोनिया गांधी सिर्फ दो बार रायबरेली आई थीं। इसके बाद तो 2019 में सिर्फ चुनाव में नामांकन के समय वह एक बार ही रायबरेली आई हैं। उन्होंने कहा कि यहां की जनता ने ही उन्हेंं चुनाव जितवाया है। चुनाव जीतने के बाद उन्होंने अपने जिले की जनता से कभी भी मुलाकात करने की कोशिश नहीं की है न ही वह किसी कार्यक्रम में शामिल होने आई हैं

कांग्रेस के विधायक रहे स्वर्गीय अखिलेश सिंह की बेटी तथा रायबरेली सदर से विधायक अदिति सिंह ने यह भी कहा कि यहां पर हम किसी पार्टी विशेष की बात नहीं कर रहे हैं। हम सभी राजनीतिक नेताओं की बात करते हैं। यह तो माना जाता है कि जो भी चुनाव जीत कर आता है वह अपनी जनता के प्रति पूरी तरह से जिम्मेदार होना चाहिए। जो अच्छा काम करेगा, उसकी तारीफ भी करूंगी। अदिति सिंह कांग्रेस के गढ़ रायबरेली में सदर विधान सभा से विधायक हैं। वह कांग्रेस से बड़ी कार्रवाई भी झेल रही हैं और पार्टी ने विधानसभा अध्यक्ष के पास अदिति सिंह की विधानसभा सदस्यता भी समाप्त करने की गुजारिश की थी, लेकिन उनका अनुरोध खारिज कर दिया गया।