बिहार में महिला और 3 बच्चों की हत्या, डैम से बरामद हुए 4 शव, शरीर पर चोट के निशान

बिहार में महिला और 3 बच्चों की हत्या, डैम से बरामद हुए 4 शव, शरीर पर चोट के निशान

बिहार के नवादा जिले में बुधवार की सुबह एक साथ चार शवों के मिलने से सनसन मच गई। रजौली जिले के फुलवरिया डैम में एक महिला और तीन बच्चों की लाश मिली है। महिला और बच्चों के शरीर पर चोट के निशान हैं। अभी तक शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में यह हत्या का मामला बताया जा रहा है। 

मृतक महिला की उम्र लगभग 35 वर्ष, दो लड़की क्रमशः 10 व 8 वर्ष व लड़का 6 वर्ष के आस-पास है। महिला व लड़की के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं। साथ ही महिला के पास से एक मोबाइल भी मिला] जो स्वीच ऑफ है] जिससे यह प्रतीत होता है कि महिला व बच्चों के साथ मारपीट कर उसे फुलवरिया डैम में फेंक दिया गया गया होगा। स्थानीय ग्रामीणों द्वारा घटना की सूचना पुलिस को दिए जाने के बाद इंस्पेक्टर दरबारी चौधरी, सीओ अनिल कुमार दल-बल के साथ फुलवरिया डैम पर पहुंचे। चारों शवों को डैम से निकाल कर उसे पोस्टमार्टम के लिए नवादा भेज दिया। अंतिम समाचार मिलने तक शवों की पहचान नहीं हो सकी थी। 

अभी तक प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार गांव के लोग जब फुलवरिया डैम पर पहुंचे तो लोगों ने देखा कि एक महिला व तीन बच्चों के शव पानी में तैर रहे हैं। पास जाकर लोगों ने देखा तो महिला व एक बच्ची का पूरा शरीर पत्थर पर व दोनों के पैर पानी में थे। वहीं दो अन्य बच्चों के शव, जिनमें एक लड़का व एक लड़की थी, पानी में तैर रहे थे। यह दृश्य देख कर लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिरकार महिला व 3 बच्चे कैसे फुलवरिया डैम पर पहुंचे और किन परिस्थितियों में उनकी मौत हुई। यह फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही बता चलेगा। प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को देखकर ऐसा लग रहा था जैसे रात में घटना को अंजाम देकर महिला व बच्चों को डैम में फेंक दिया गया हो। 

थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर दरबारी चौधरी ने कहा कि चारों मृतकों के शव को बरामद कर लिया गया है। महिला के पास से एक मोबाइल मिला है, जो स्वीच ऑफ है। मोबाइल ऑन होने के बाद ही किसी बिन्दु पर पहुंचा जा सकता है। फिलहाल वे मामले की जांच कर रहे हैं। जांच के बाद ही कुछ स्पष्ट कहा जा सकता है।