क्रेडिट कार्ड और UPI के जरिए खातों से साइबर ठगी का खुलासा, आरोपी एमपी पुलिस के हत्‍थे चढ़ा

क्रेडिट कार्ड और UPI के जरिए खातों से साइबर ठगी का खुलासा, आरोपी एमपी पुलिस के हत्‍थे चढ़ा

सरायकेला-खरसावां जिले के छोटा गम्हरिया दुर्गापूजा मैदान से सटे आदर्शनगर से एक साइबर ठग को मध्यप्रदेश पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गम्हरिया पुलिस के सहयोग से उसके आवास पर छापामारी कर गिरफ्तार किया गया। सरायकेला कोर्ट में पेशी के बाद ट्रांजिट डिमांड पर मध्यप्रदेश पुलिस साथ लेकर रवाना हो गयी। उसके पास से 11 क्रेडिट कार्ड, 4 एटीएम कार्ड, 4 मोबाइल फोन, 4 सिमकार्ड, हार्ड डिस्क समेत अन्य सामान मिले हैं। 

सूचना के अनुसार मध्य प्रदेश के बालाघाट थाना के पुलिस निरीक्षक वीरेंद्र मिश्र के नेतृत्व में आदर्शनगर में छापामारी कर विकास कुमार उर्फ नितिन को गिरफ्तार किया गया। गम्हरिया थाना प्रभारी कृष्ण मुरारी ने बताया कि विकास कुमार उर्फ नितिन पर मध्यप्रदेश के बालाघाट थाना में  साइबर क्राइम का मामला दर्ज है। वह साइबर क्राइम ग्रुप में शामिल था। मोबाइल के जरिये लोगों से पैसे की ठगी करता था। लोगों के अकाउंट से पैसे उड़ाकर अपने अकाउंट में लाता था। उसके बाद दो-तीन अकाउंट के माध्यम से मुख्य अपराधी के खाते में रकम ट्रांसफर  होता था। इस एवज में विकास कुमार को 20 प्रतिशत कमीशन मिलता था। वह क्रेडिट कार्ड एवं यूपीआई के माध्यम से ठगी के पैसों को ट्रांसफर करता था।

रांची के अरगोड़ा से एक गिरफ्तार

थाना प्रभारी ने बताया कि मध्यप्रदेश पुलिस की टीम ने इस गैंग में शामिल रांची के अरगोड़ा थाना से एक युवक सुशांत कुमार को भी गिरफ्तार किया है। उसके ऊपर भी साइबर ठगी का आरोप है।